नई दिल्ली ,11 जुलाई ,। वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच इस सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 24 कैरेट सोना करीब 3,000 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ, जबकि चांदी की कीमत में 13,000 रुपये से अधिक प्रति किलोग्राम की कमी आई है।
आईबीजेए के अनुसार, 24 कैरेट सोने का भाव इस सप्ताह 2,976 रुपये घटकर 1,43,368 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया, जबकि पिछले सप्ताह यह 1,46,344 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
इसी तरह, 22 कैरेट सोने की कीमत 1,34,051 रुपये से घटकर 1,31,325 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। वहीं, 18 कैरेट सोना 2,232 रुपये की गिरावट के साथ 1,07,526 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जो पहले 1,09,758 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
साप्ताहिक कारोबार के दौरान 8 जुलाई की शाम 24 कैरेट सोने का न्यूनतम भाव 1,42,350 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया, जबकि 6 जुलाई की सुबह इसका उच्चतम स्तर 1,45,583 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा।
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट देखने को मिली। इस सप्ताह चांदी 13,468 रुपये सस्ती होकर 2,20,390 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जबकि पिछले सप्ताह इसका भाव 2,33,858 रुपये प्रति किलोग्राम था। चांदी का उच्चतम स्तर 6 जुलाई की शाम 2,33,158 रुपये प्रति किलोग्राम और न्यूनतम स्तर 10 जुलाई की शाम 2,20,390 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया।
आईबीजेए प्रतिदिन सुबह और शाम दो सत्रों में सोने और चांदी के भाव जारी करता है, जिनका उपयोग देशभर के सर्राफा बाजार में संदर्भ मूल्य के रूप में किया जाता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो सोना लगभग 4,100 डॉलर प्रति औंस और चांदी करीब 60 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार कर रही है।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, वैश्विक निवेशकों की बदलती रणनीति और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ी अनिश्चितता का असर कीमती धातुओं की कीमतों पर देखने को मिला है। उनका कहना है कि आने वाले दिनों में वैश्विक घटनाक्रम और निवेशकों की धारणा के आधार पर सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

