राजकुमार राव की फिल्म टोस्टर का आधिकारिक ऐलान 2025 में किया गया था। पूरे साल दर्शक इसकी रिलीज का बेसब्री इंतजार करते रहे, जो 2026 में जाकर खत्म होने वाला है। अभिनेता के प्रोडक्शन कम्पा फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म की आधिकारिक रिलीज तारीख बता दी गई है। खुद राजकुमार ने सोशल मीडिया पर अनाउंसमेंट वीडियो साझा किया है, जिसमें वह मजेदार तरीके से फिल्म की रिलीज तारीख, कलाकार और डिजिटल स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म की जानकारी दे रहे हैं।
नेटफ्लिक्स पर आने वाली फिल्म के अनाउंसमेंट वीडियो में, राजकुमार को टोस्टर पर ब्रेड सेंकते दिखाया जाता है। जब एक शख्स उन्हें फिल्म अनाउंसमेंट के लिए मोनोलॉग देता है, तो वह कहते हैं, फिर से मोनोलॉग? अरे मैं थक गया हूं। इस बार मैं साफ-साफ लोगों को बताऊंगा कि हमारी फिल्म का नाम टोस्टर है और यह 15 अप्रैल को आएगी। अभिनेता बताते हैं कि उनके किरदार का नाम रमाकांत है, एक नंबर का कंजूस। निर्माता उनकी पत्नी पत्रलेखा हैं।
राजकुमार अभिनीत टोस्टर में, मुख्य अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा हैं। इसके अलावा, अर्चना पूरन सिंह, फराह खान, अभिषेक बनर्जी, सीमा पहवा और जितेंद्र जोशी जैसे किरदार हैं। वीडियो के साथ कैप्शन दिया गया, मोनोलॉग सुन लिया न? जबर-टोस्ट कॉमेडी होने वाली है। निर्देशन विवेक दास चौधरी ने किया है, जबकि पटकथा रवेज शेख, अनघ मुखर्जी और अक्षत घिल्डियाल ने लिखी है। टोस्टर की कहानी कंजूस रमाकांत और उसे शादी में मिले एक तोहफे के इर्द-गिर्द घूमती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

