धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी आंधी बरकरार रखी है और रिलीज के 16वें दिन भी ताबड़तोड़ कमाई के साथ यह्य फिल्म अब 1,000 करोड़ रुपये के जादुई आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गई है। अपनी अभूतपूर्व सफलता के साथ ये फिल्म न केवल भारतीय सिनेमा में सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बनने की दहलीज पर है, बल्कि बहुत जल्द यह इतिहास रचते हुए 1,000 करोड़ क्लब में कदम रखने वाली पहली हिंदी फिल्म बन जाएगी।
सैकनिल्क के अनुसार, धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर रुकने का नाम नहीं ले रही है। फिल्म ने अपनी रिलीज के 16वें दिन (तीसरे शुक्रवार) को भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 21.55 करोड़ रुपये की ताबड़तोड़ कमाई की है। इस धमाकेदार कारोबार के साथ धुरंधर 2 का 16 दिनों का कुल कारोबार अब 959.37 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। फिल्म अब 1,000 करोड़ रुपये के उस ऐतिहासिक जादुई आंकड़े को छूने से महज 41 करोड़ रुपये की दूरी पर है।
जानकारों का मानना है कि तीसरे वीकेंड (शनिवार और रविवार) में फिल्म की कमाई में एक बड़ा उछाल देखने को मिलेगा, जिससे ये आसानी से 1,000 करोड़ का मील का पत्थर पार कर लेगी। जैसे ही फिल्म इस आंकड़े को पार करेगी, ये बॉलीवुड के इतिहास की पहली 1,000 करोड़ी फिल्म बनकर एक नया कीर्तिमान स्थापित कर देगी। ये न केवल निर्माताओं के लिए, बल्कि पूरे भारतीय सिनेमा के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि होगी।
धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर एक नया मुकाम हासिल किया है। तीसरे शुक्रवार को 21.55 करोड़ की कमाई के साथ, यह बाहुबली 2 (18 करोड़) और पुष्पा 2 (14 करोड़) को पीछे छोड़ते हुए, इतिहास में तीसरे शुक्रवार की दूसरी सबसे बड़ी कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। हालांकि] यह अपने प्रीक्वल धुरंधर (23.7 करोड़) के रिकॉर्ड से थोड़ा पीछे रही, लेकिन इसकी यह कामयाबी फिल्म के प्रति दर्शकों की बेपनाह दीवानगी को साबित करती है।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी धुरंधर 2 साल 2025 की ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर का सीक्वल है, जिसने अपनी पहली ही फिल्म से दुनियाभर में 1,300 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर इतिहास रचा था। फिल्म में रणवीर, हमजा अली मजारी उर्फ जसकीरत सिंह रंगी के रूप में मुख्य भूमिका में हैं। सारा अर्जुन, आर माधवन, राकेश बेदी और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकारों ने भी अपनी पिछली भूमिकाओं को दोहराते हुए कहानी में निरंतरता और गहराई बनाए रखी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

