धमतरी 5 अप्रैल (आरएनएस) नशे और अपराध के खिलाफ पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि पूरी रात शहर से लेकर गांव तक छापों की गूंज सुनाई देती रही और सुबह होते-होते 150 जगहों पर दबिश देकर 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, 05 अप्रैल 2026 को धमतरी पुलिस ने ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत चौथा बड़ा अभियान चलाया जिसमें आईजी रायपुर रेंज अमरेश कुमार मिश्रा के निर्देशन और एसपी धमतरी के नेतृत्व में 30 अलग-अलग टीमों को मैदान में उतारा गया, इन टीमों ने एक साथ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी करते हुए गुंडा-बदमाशों, असामाजिक तत्वों और नशे के कारोबारियों पर सीधा वार किया,
कार्रवाई के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार आरोपियों में हेमंत पांडेय पिता अशोक पांडेय उम्र 26 वर्ष निवासी स्टेशन पारा धमतरी हाल महिमा सागर वार्ड अटल आवास, गुलशन कुमार साहू पिता खेमलाल साहू उम्र 28 वर्ष निवासी सरसोंपुरी थाना अर्जुनी, लिखेन्द्र कुमार साहू पिता हेमलाल साहू उम्र 22 वर्ष निवासी मिनी माता चौक भठेली थाना भखारा और भूपेंद्र साहू पिता लक्ष्मी साहू उम्र 22 वर्ष निवासी इंद्रानगर कुरूद शामिल हैं जिनके कब्जे से कुल 3.97 किलो गांजा बरामद किया गया,
वहीं आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार आरोपियों में तारकेश्वर उर्फ टाकू पिता स्व. आनंद राम मीनपाल उम्र 40 वर्ष निवासी अर्जुनी, गंगा राम कुंजाम पिता अशोक कुंजाम उम्र 28 वर्ष निवासी बागोडार जोगीडीह थाना अर्जुनी, देव कुमार ध्रुव पिता जेठू राम ध्रुव उम्र 59 वर्ष निवासी हिंच्छापुर थाना सिहावा, देवंतीन ध्रुव पति स्वर्गीय मोहन ध्रुव उम्र 60 वर्ष निवासी नवापारा रामनगर सांकरा थाना सिहावा, पप्पू सिन्हा पिता कचरू राम सिन्हा उम्र 34 वर्ष निवासी बोइर गांव थाना मेचका और चमेली साहू पति चुम्बन साहू उम्र 40 वर्ष निवासी बेलोरा थाना मगरलोड सहित कुल 17 व्यक्तियों को पकड़ा गया जिनसे 113.96 लीटर अवैध शराब जब्त की गई,
इसके अलावा आर्म्स एक्ट के तहत रवि नायक उर्फ भूरी नायक पिता सुरेश नायक उम्र 23 वर्ष निवासी पोस्ट ऑफिस वार्ड धमतरी को 12 बोर देशी कट्टा और 2 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया, वहीं पुलिस ने धारा 170, 126, 135 बीएनएसएस के तहत 30 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की,
पूरी कार्रवाई में पुलिस ने सिर्फ गिरफ्तारी ही नहीं की बल्कि निगरानीशुदा बदमाशों की पुलिस लाइन रूद्री में परेड कराकर उन्हें कानून का पाठ पढ़ाया और नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई, धमतरी पुलिस लगातार होटल, ढाबा और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी को बढ़ावा देने वालों पर भी सख्त नजर रख रही है, यह अभियान साफ संकेत देता है कि जिले में नशे और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति लागू है और आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, संदेश एकदम साफ है—धमतरी में अब नशे का कारोबार करने वालों के लिए कोई जगह नहीं, अगला नंबर सीधे सलाखों के पीछे ही है।

