लखनऊ,05 अपै्रल (आरएनएस)। राजधानी लखनऊ में शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय जोड़ते हुए एसकेडी इंटरनेशनल स्कूल द्वारा एक्सप्लोरेशन कार्निवाल 2026 का सफल एवं भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए एक आधुनिक, प्रेरणादायी और ज्ञानवर्धक अनुभव साबित हुआ। कार्यक्रम ने संस्थान के मूल विचार ओपनिंग माइंड्स, शेपिंग फ्यूचर (नवीन सोच, उज्ज्वल भविष्य) को साकार रूप में प्रस्तुत करते हुए भविष्य की शिक्षा प्रणाली की प्रभावी झलक दिखाई।रविवार को सेक्टर-09, अवध विहार योजना स्थित विद्यालय परिसर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर एसकेडी इंटरनेशनल स्कूल को औपचारिक रूप से लखनऊवासियों को समर्पित किया गया। कार्यक्रम में एसकेडी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के संस्थापक एस.के.डी. सिंह, निदेशक मनीष सिंह, क्लिनिकल डायरेक्टर डॉ. आशीष सिंह, डिप्टी डायरेक्टर निशा सिंह तथा असिस्टेंट डायरेक्टर (एकेडमिक्स) कुसुम बत्रा सहित संस्थान की सभी शाखाओं के प्रिंसिपल्स एवं शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आधुनिक शिक्षा पद्धतियों और नवीन तकनीकों से अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को परिचित कराना था। आयोजन स्थल को विभिन्न थीम आधारित जोनों में विभाजित किया गया था, जहाँ आधुनिक तकनीक और नवाचार का अनूठा संगम देखने को मिला। विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (कृत्रिम बुद्धिमत्ता), रोबोटिक्स (स्वचालित यंत्र प्रणाली) और ड्रोन तकनीक से जुड़े लाइव प्रदर्शन और मॉडल्स ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों और अभिभावकों ने इन तकनीकों को करीब से समझा और भविष्य में इनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी प्राप्त की।इसके साथ ही विद्यालय की कैम्ब्रिज आधारित शिक्षण पद्धति को भी विस्तार से प्रस्तुत किया गया। इस पद्धति के अंतर्गत जिज्ञासा-आधारित शिक्षा, समालोचनात्मक चिंतन, समस्या समाधान क्षमता तथा वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने पर विशेष बल दिया जाता है। कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों ने इस आधुनिक शिक्षण प्रणाली की सराहना करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों में प्रवेश से संबंधित परामर्श सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। विशेषज्ञों द्वारा अभिभावकों और विद्यार्थियों को विदेशों में उच्च शिक्षा के अवसरों, प्रवेश प्रक्रियाओं और आवश्यक तैयारियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इससे अभिभावकों को अपने बच्चों के करियर की दिशा तय करने में सहायता मिली।इसी के साथ शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य भी जरूरी है इस संदेश को ध्यान में रखते हुए एसकेडी हॉस्पिटल की ओर से नि:शुल्क चिकित्सीय परीक्षण शिविर का आयोजन भी किया गया। इस शिविर में अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसे उपस्थित लोगों द्वारा अत्यंत सराहा गया। इस पहल ने यह संदेश दिया कि शिक्षा के साथ स्वास्थ्य का संतुलन भी उतना ही महत्वपूर्ण है।कार्यक्रम के दौरान निदेशक मनीष सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 29 वर्षों से लखनऊवासियों ने संस्थान पर जो प्रेम और विश्वास बनाए रखा है, वह उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि इसी विश्वास के बल पर एसकेडी ग्रुप अब अपनी छठी शाखा के रूप में एसकेडी इंटरनेशनल स्कूल को अवध विहार योजना में स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि संस्थान का उद्देश्य बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, जिसमें उत्कृष्ट खेल सुविधाएँ, आधुनिक प्रयोगशालाएँ तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की सुदृढ़ तैयारी शामिल है। उनका कहना था कि बच्चों को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि नैतिक और सामाजिक रूप से भी सशक्त बनाना संस्थान की प्राथमिकता है, ताकि वे भविष्य में समाज और राष्ट्र की सेवा में अग्रणी भूमिका निभा सकें।कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों की भी आकर्षक प्रस्तुतियाँ हुईं, जिनमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। आयोजन स्थल पर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कक्षाओं, प्रयोगशालाओं एवं खेल सुविधाओं की जानकारी भी अभिभावकों को दी गई, जिससे उन्हें विद्यालय की संरचना और शैक्षणिक वातावरण को समझने का अवसर मिला।समापन के अवसर पर संस्थान की ओर से वैश्विक शांति, सद्भाव और एकता का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं अतिथियों ने संस्थान की दूरदर्शी सोच, आधुनिक शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता तथा नवाचार को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। यह आयोजन न केवल एक शैक्षणिक कार्यक्रम रहा, बल्कि शिक्षा, तकनीक और स्वास्थ्य के समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण भी साबित हुआ।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

