– एक जिंदगी मौत से जंग में
सीतापुर 5 अप्रैल (आरएनएस)। सदरपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। बिसवां-रेउसा मार्ग पर धामी सराय के पास भूसी से लदा एक अनियंत्रित ट्रक पिकअप वाहन पर पलट गया, जिससे मौके पर ही तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक रेउसा से बिसवां की ओर जा रहा था और उसमें जरूरत से ज्यादा ऊंचाई तक भूसी लदी हुई थी। ओवरहाइट के कारण ट्रक का संतुलन बिगड़ा और चालक नियंत्रण खो बैठा। तभी सामने से आ रही पिकअप उसकी चपेट में आ गई और देखते ही देखते ट्रक पिकअप पर पलट गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि पिकअप पूरी तरह दबकर चकनाचूर हो गई। हादसे में अयान पुत्र सप्पू निवासी सत्तिनपुरवा थाना बिसवां, अंकित पुत्र प्रमोद और पुष्पेंद्र पुत्र मुन्ना निवासी लालपुर कोठी थाना मानपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही सदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पिकअप में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है। एक बार फिर ओवरलोडिंग और लापरवाही ने तीन जिंदगियों की कीमत वसूल ली।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

