सीतापुर 5 अप्रैल (आरएनएस)। शनिवार की तेज धूल भरी आंधी और बारिश कई परिवारों के लिए कहर बनकर टूटी। अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हर तरफ चीख-पुकार और मातम का माहौल देखने को मिला। सिधौली क्षेत्र के कटसरैया गांव में तेज हवाओं के चलते एक कच्चे मकान की दीवार और छप्पर अचानक ढह गया। मलबे में दबकर 26 वर्षीय सुनीता पत्नी मुन्नू गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें बाहर निकाला और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं सिधौली के गांधी नगर में मंदिर से लौट रहीं 52 वर्षीय सुमिता पत्नी परमानंद पर अचानक पेड़ गिर पड़ा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। साथ चल रही दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इसी दौरान सड़क से गुजर रही एक बाइक भी पेड़ से टकरा गई, जिसमें दो लोग जख्मी हो गए। उधर संदना थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव में 50 वर्षीय कल्लू पुत्र रोहन आंधी के दौरान पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी पेड़ जड़ से उखड़कर उन पर गिर पड़ा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। लगातार हुए इन हादसों ने पूरे जनपद को झकझोर दिया है। कहीं घायल जिंदगी से जूझ रहे हैं तो कहीं परिवार अपनों को खोकर गहरे सदमे में हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

