– ऊपर से कूदने की धमकी से मचा हड़कंप
सीतापुर 5 अप्रैल (आरएनएस)। रामकोट थाना क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी रविवार शाम उस वक्त दहशत और तमाशे का केंद्र बन गई, जब एक युवक ने नशे में हैरतअंगेज हरकत कर दी। पिसावां थाना इलाके के गुरसंडा गांव निवासी विपिन, शराब के नशे में अपनी पत्नी से विवाद के बाद अपने 6 वर्षीय मासूम बेटे विराट को पीठ पर बांधकर कॉलोनी की ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। ऊंचाई पर पहुंचते ही विपिन ने हंगामा शुरू कर दिया। नीचे खड़े लोग सांसें थामे यह खौफनाक मंजर देखते रहे। हालात तब और बिगड़ गए जब घबराई पत्नी लल्ली देवी भी पति के पीछे-पीछे टंकी पर चढ़ गई। ऊपर ही दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुस्से में बेकाबू विपिन बार-बार टंकी से कूदने की धमकी दे रहा था, जिससे मासूम बच्चे की जान पर भी खतरा मंडराने लगा। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात की गंभीरता को समझते हुए तुरंत कार्रवाई की। पुलिसकर्मी खुद जान जोखिम में डालकर टंकी पर चढ़े और काफी समझाइश के बाद किसी तरह तीनों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के बाद कॉलोनी में देर तक चर्चाओं का दौर चलता रहा। प्रभारी निरीक्षक पीयूष सिंह ने बताया कि मामला पारिवारिक विवाद का है और युवक नशे में था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

