पुणे 06 April, (Rns)- महाराष्ट्र के पुणे स्थित एक मरीन इंजीनियरिंग संस्थान में एक दुखद हादसे में 20 वर्षीय छात्र की जान चली गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, छात्र के ऊपर बास्केटबॉल कोर्ट का बैकबोर्ड गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।
मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ हादसा
मृतक छात्र की पहचान विशाल वर्मा के रूप में हुई है, जो तोलानी मैरीटाइम इंस्टीट्यूट में दूसरे वर्ष का छात्र था। बताया जा रहा है कि वह सुबह कैंपस में टहलने निकला था। इसी दौरान वह बास्केटबॉल हूप पर लटककर पुल-अप्स करने लगा, तभी अचानक पूरा बैकबोर्ड और उसका फ्रेम टूटकर उसके ऊपर गिर पड़ा।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद छात्रों और स्टाफ ने तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
2028 में पूरी होनी थी पढ़ाई
जानकारी के अनुसार, विशाल उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले का रहने वाला था और उसने 2024 में इस संस्थान में दाखिला लिया था। उसका चार वर्षीय बीटेक कोर्स 2028 में पूरा होना था।
संस्थान ने जताया दुख, जांच के आदेश
संस्थान प्रशासन ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। प्रिंसिपल डॉ. संजीत ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसे के पीछे क्या वजह रही।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस के अनुसार, यह जांच की जा रही है कि बास्केटबॉल बैकबोर्ड के फ्रेम में कोई तकनीकी खराबी थी या उसमें जंग लगने के कारण वह कमजोर हो गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं से जांच जारी है।

