दुर्ग, 06 अप्रैल (आरएनएस)। पाटन ब्लॉक के ग्राम खर्रा में आज एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया, जब तेज रफ्तार में आ रहा एक ट्रैक्टर अचानक बिजली के खंभे से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खंभा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तेज चिंगारियों के साथ पूरे इलाके की बिजली सप्लाई ठप हो गई।
घटना के वक्त आसपास मौजूद लोगों और पास में काम कर रहे मजदूरों में हड़कंप मच गया। करंट फैलने की आशंका से मजदूर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, इस दौरान कुछ लोग गिरते-पड़ते भी देखे गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। यह दुर्घटना ग्राम खर्रा में जगदीश साहू के घर के पास लगे बिजली खंभे के साथ हुई, जो टक्कर के कारण टूट गया।
घटना के बाद से पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचना दे दी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो पाया था।
फिलहाल राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
0

