कुशीनगर, 06 अप्रैल (आरएनएस)। सिंगापुर गणराज्य के भारत में उच्चायुक्त हिज एक्सीलेंसी साइमन वोंग ने कुशीनगर स्थित महापरिनिर्वाण बुद्ध मंदिर पहुंचकर बुद्ध वंदना की तथा जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में भगवान बुद्ध को चीवर अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने कुशीनगर स्थित विभिन्न ऐतिहासिक एवं बौद्ध स्थलों का भी भ्रमण किया। उन्होंने सिंगापुर प्रतिनिधिमंडल की ओर से अंतरराष्ट्रीय बुद्धिस्ट कॉन्क्लेव-2026 के सफल आयोजन हेतु जनपद प्रशासन एवं सहयोगी टीम को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अनुशंसा पर सिंगापुर की टीम कुशीनगर में पहली बार आधिकारिक यात्रा पर आया है। उच्चायुक्त ने कहा कि कुशीनगर बौद्ध धर्म का एक प्रमुख एवं वैश्विक महत्व का तीर्थस्थल है, जहां पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। सिंगापुर सहित विश्व के अनेक देशों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक यहां आते हैं। कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के भ्रमण के दौरान उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी के दृष्टिकोण से यह हवाई अड्डा मजबूत एवं आधुनिक अवसंरचना से युक्त है तथा भविष्य में चार्टर एवं नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन की व्यापक संभावनाएं हैं। उच्चायुक्त साइमन वोंग ने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा प्रस्तुत विकास प्रस्ताव अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि सिंगापुर पक्ष इन प्रस्तावों का गंभीरता से अध्ययन करेगा तथा विशेष रूप से बौद्ध धर्म से जुड़े स्मृति चिन्हों एवं सांस्कृतिक उत्पादों के निर्माण में उनकी विशेष रुचि है। इस दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर द्वारा बौद्ध सर्किट एवं कुशीनगर के समग्र विकास के लिए प्रस्तावित बोधिसत्त्व आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक सिटी, रिसोर्ट सिटी, बुद्धिस्ट आर्ट एंड क्राफ्ट सेंटर, लिंग्विस्टिक स्कूल तथा आधुनिक टाउनशिप के विकास में सिंगापुर निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा किया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

