राजनांदगांव 06 अप्रैल (आरएनएस)। आईपीएल सीजन के साथ ही ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार फिर तेज हो गया है। इसी कड़ी में राजनांदगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाईटेक सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 2 आरोपी अभी भी फरार हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, शहर के एक फार्महाउस में सांई ऐप के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था। यहां हर बॉल और ओवर पर लाखों रुपये का दांव लगाया जा रहा था। सट्टेबाज कोड वर्ड का इस्तेमाल कर पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे थे, जिससे पुलिस की नजरों से बचा जा सके।
पुलिस की छापेमारी के दौरान मौके से 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 7 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, 3 चार्जर और 1,000 रुपये नगद बरामद किए गए। जांच में करीब 9 लाख 20 हजार रुपये के लेन-देन का हिसाब भी मिला है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 5 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और इस पूरे सट्टा नेटवर्क के अन्य लिंक खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि आईपीएल के दौरान ऐसे अवैध कारोबार पर सख्त नजर रखी जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

