कांकेर, 06 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के पखांजूर क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर पीव्ही-12 निवासी आशुतोष विश्वास सोमवार सुबह अपने मक्का खेत में सिंचाई करने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ बिजली कड़कने लगी। इसी बीच गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिजली गिरते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन द्वारा पीडि़त परिवार को सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

