रायगढ,06 अप्रैल (आरएनएस) जिले के लैलूंगा क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अपहृत किशोर को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 को पीडि़त की मां ने थाना लैलूंगा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 2 अप्रैल की रात आरोपी राजेश गुप्ता (36), निवासी ग्राम टटकेला, शराब के नशे में घर में घुसा और किशोर को जबरन अपने साथ ले गया। आरोपी ने धमकी दी कि इसको ले जा रहा हूं, इसका बाप 10 हजार रुपये लेकर मेरे पास आएगा और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
जब पीडि़ता गांव वालों के साथ थाने रिपोर्ट दर्ज कराने जा रही थी, तब आरोपी ने रास्ते में उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर दुर्घटना करने की कोशिश की। ग्राम कुंजारा के पास उनकी वेगनआर कार को टक्कर मारी और बाद में थाने के पास इको वाहन को भी पीछे से टक्कर मारकर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर खोजबीन शुरू की। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को जंगल क्षेत्र से टीयूवी कार वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया। वहीं अपहृत किशोर को ग्राम कुंजारा और सारसमाल के बीच से सुरक्षित बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया गया है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

