त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कांग्रेस पहले से है अधिक मजबूत: राणा
सुल्तानपुर 6 अप्रैल (आरएनएस)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव टाले जाने को लेकर कांग्रेस ने विरोध जताया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा को जनता के आक्रोश का डर सता रहा है, इसलिए चुनाव को टाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का फाइनल रण साबित होगा। कांग्रेस पार्टी इस चुनाव को पूरी गंभीरता से ले रही है और इसकी तैयारी पहले से ही पूरी कर चुकी है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि जिले के सभी वार्डों में कांग्रेस ने अपने मजबूत प्रत्याशी चिन्हित कर लिए हैं और पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरने को तैयार है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस संगठन गांव से लेकर शहर तक मजबूत स्थिति में खड़ा हो चुका है। अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस बार पंचायत चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी, जिसका असर आने वाले विधानसभा चुनाव में भी दिखाई देगा और पार्टी जीत का परचम लहराते हुए प्रदेश में सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

