सुलतानपुर 6 अप्रैल (आरएनएस)। करौंदीकलां क्षेत्र में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर सामने आई है। रविवार को अस्पताल परिसर में ताला बंद मिला, जिससे इलाज के लिए दूर-दराज से आए मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह से ही बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंचे, लेकिन मुख्य गेट पर ताला लटका देखकर सभी हैरान रह गए। इलाज के अभाव में कई मरीजों को बिना उपचार के ही वापस लौटना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि अक्सर यहां डॉक्टरों की अनुपस्थिति बनी रहती है। मरीजों और उनके परिजनों ने बताया कि सरकारी अस्पताल होने के बावजूद समय पर डॉक्टर उपलब्ध नहीं रहते, जिससे उन्हें मजबूरी में निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है और आर्थिक बोझ बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल में नियमित रूप से डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार किया जाए, ताकि आम जनता को समय पर इलाज मिल सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

