जौनपुर 6 अप्रैल (आरएनएस)। उधार के पैसों की वापसी में देरी होने पर एक लेनदार ने देनदार के घर पर ताला जड़ दिया। यह मामला केराकत थाना क्षेत्र के सैदखानपुर गांव का है, जो सोमवार को थाने पहुंचा। गांव निवासी शिवबदन यादव ने अपने ही पड़ोसी राम आशीष यादव से कई किश्तों में कुल 1 लाख 91 हजार 485 रुपये उधार लिए थे। शिवबदन के अनुसार उसने इसमें से 59 हजार 500 रुपये पहले ही चुकता कर दिए और बाकी रकम के लिए कुछ और समय मांगा।शिकायत के मुताबिक राम आशीष ने बकाया रकम पर पहले साढ़े चार, फिर आठ और बाद में दस प्रतिशत की दर से ब्याज जोडऩा शुरू कर दिया। इस तरह कुल रकम बढ़ाकर 3 लाख 29 हजार 50 रुपये कर दी गई और यह हिसाब व्हाट्सएप पर भेज दिया गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच व्हाट्सएप पर तीखी बहस हो गई।विवाद बढऩे पर राम आशीष ने शिवबदन के घर पर अपना ताला लगा दिया, जिससे उसके परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार को पीडि़त शिवबदन केराकत थाने पहुंचा और राम आशीष के खिलाफ लिखित तहरीर दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

