संरक्षा, सेवा और संचालन में सुदृढ़ रहा उत्तर मध्य रेलवे का वर्ष 2025-26
प्रयागराज 6 अप्रैल (आरएनएस)। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने वर्ष 2025-26 में उत्तर मध्य रेलवे के प्रदर्शन एवं प्रमुख उपलब्धियों के संबंध में जानकारी प्रदान की।
महाप्रबंधक ने उत्तर मध्य रेलवे के समग्र कार्यनिष्पादन का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2025-26 में परिचालन दक्षता, संरक्षा सुदृढ़ीकरण, आधारभूत संरचना विकास, माल ढुलाई वृद्धि तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। उन्होंने आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग, नवाचार आधारित पहल एवं बेहतर समन्वय के माध्यम से रेलवे सेवाओं को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय एवं यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्तर मध्य रेलवे की प्रमुख उपलब्धियां बताते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर मध्य रेलवे द्वारा अब तक का सर्वाधिक ओरिजिनेटिंग लोडिंग 20.97 मिलियन टन दर्ज किया गया, जो कि पिछले वर्ष की तुलना में 12.6 प्रतिशत अधिक है , जिससे माल यातायात में ?2276 करोड़ की आय प्राप्त हुई। मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालनता 79.1 प्रतिशत रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 9.3 प्रतिशत अधिक है। उत्तर मध्य रेलवे ने पिछले वित्तीय वर्ष में 02 ऑरिजिनेटिंग ट्रेनों सहित 42 नई ट्रेन सेवाओं का संचालन किया।
महाप्रबंधक ने बताया कि 4 जोड़ी ट्रेनों को आईसीएफ से एलबीएच रेक में परिवर्तित किया गया और 6 जोड़ी ट्रेनों को आईसीएफ से मेमू रेक में बदला गया। यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए पिछले वित्तीय वर्ष में 46 ट्रेनों को नए ठहराव दिए गए, 12 ट्रेनों का विस्तारिकरण किया गया और 02 ट्रेनों की आवृत्ति में वृद्धि की गई है।
उत्तर मध्य रेलवे सभी चयन प्रक्रियाएं कंप्यूटर आधारित केंद्रीकृत प्रणाली से कर रहा है , जिससे पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित हुई है।
उत्तर मध्य रेलवे उत्कृष्टता, संरक्षा एवं विश्वसनीयता को केंद्र में रखते हुए आधुनिक तकनीकों, सुदृढ़ अवसंरचना एवं यात्री-केंद्रित सेवाओं के माध्यम से निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

