टॉयलेट में अचेत मिले, अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित किए गए
प्रयागराज 6 अप्रैल (आरएनएस)। जार्ज टाउन थाना क्षेत्र में एक डॉक्टर की रविवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। डॉक्टर आदित्य मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग में रेजीडेंट थे। वह महिला डॉक्टर दोस्त से मिलने उनके फ्लैट पर गए थे। वहां वॉशरूम में बेहोश पड़े मिले। महिला डॉक्टर ने दोस्तों की मदद से उन्हें बाहर निकाला। आदित्य के हाथ में वीगो लगा हुआ था। उन्हें इलाज के लिए तुरंत स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां डेढ़ घंटे बाद उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. आदित्य मेडिकल कॉलेज से एमएस कर रहे थे। वह मूल रूप से अल्लापुर के रहने वाले हैं। डॉ. आदित्य के पिता दिलीप दवा कारोबारी हैं। जबकि उनका छोटा भाई भी डॉक्टर है जो बांदा मेडिकल कॉलेज से पढ़ाई कर रहा है।
आदित्य रविवार रात ड्यूटी खत्म करने के बाद करीब 10 बजे जॉर्जटाउन स्थित महिला डॉक्टर दोस्त के फ्लैट पर पहुंचे। फ्लैट में महिला डॉक्टर अपनी एक साथी के साथ मौजूद थीं। महिला डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि डॉ. आदित्य टॉयलेट के लिए बोलकर गए। लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आए। कई बार आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने अपने साथी डॉक्टर सौरभ को फोन किया। फिर सौरभ एक अन्य जूनियर डॉक्टर के साथ मौके पर पहुंचे।
डॉक्टर सौरभ के साथ पहुंचे जूनियर और महिला डॉक्टर ने मिलकर किसी तरह वॉशरूम का दरवाजा तोड़ा। अंदर देखा तो आदित्य बेहोश पड़े थे। उन्हें तुरंत एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें सीपीआर दिया। इस दौरान उन्हें कुछ देर के लिए होश भी आया। लेकिन फिर उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई। डेढ़ घंटे बाद आदित्य ने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर, प्रिंसिपल डॉ. वीके पांडेय समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। डॉ. आदित्य के हाथ में लगे वीगो को लेकर पुलिस ने साथी डॉक्टरों से पूछताछ की। इसमें सामने आया कि शनिवार को आदित्य को बुखार था। उन्होंने खुद ही वीगो लगवाने के बाद कहा था कि जरूरत पडऩे पर दवा ले लेंगे।
जार्जटाउन थाना प्रभारी रोहित तिवारी ने बताया कि पुलिस को करीब 11.30 बजे सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर साथी डॉक्टरों से पूछताछ के बाद शव को मॉच्र्यूरी भेज दिया गया है। मौत की वजह पोस्टमॉर्टम में ही साफ हो सकेगी। फिलहाल किसी तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

