प्रयागराज 6 अप्रैल (आरएनएस)। सिविल लाइन्स क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार से दौड़ रही बलेनो कार अनियंत्रित होकर भीषण हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि युवक हाई स्पीड में स्टंट कर रहा था तभी कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और कई बार पलटते हुए दूसरी लेन में जा पहुंची।
हादसा इतना जोरदार था कि कार के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, यहां तक कि उसकी सीट, पहिए और कई बॉडी पाट्र्स अलग होकर सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सड़क के डिवाइडर पर लगे बिजली के खंभे भी टूटकर गिर गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चला रहा युवक स्टंट कर रहा था और उसी दौरान यह दुर्घटना हुई। घटना के तुरंत बाद युवक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस फरार युवक की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

