भीड़ ने ट्रैक्टर-बाइक फूंकी, एक की हालत गंभीर
प्रयागराज 6 अप्रैल (आरएनएस)। नवाबगंज थाना क्षेत्र में हार्डवेयर व्यापारी व उसके भाई पर हमले के बाद जमकर बवाल हुआ। यहां पथराव के साथ ही तोडफ़ोड़ व आगजनी की गई। एक ट्रैक्टर व बाइक फूंक दी गई और कार में तोडफ़ोड़ की गई। बवाल के दौरान दोनों पक्षों से आधा दर्जन लोग जख्मी हुए। इनमें से हार्डवेयर व्यापारी के भाई की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। उसे लखनऊ रेफर किया गया है। तनाव को देखते हुए मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव के रहने वाले मुन्ना यादव हार्डवेयर की दुकान संचालित करते हैं। रात में लगभग दस बजे दुकान बंद करने के बाद वह अपने भाई नितिन के साथ घर लौट रहे थे। हथिगहां बाजार के पास वहीं के रहने वाले कालीचरण से विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसी दौरान खबर फैल गई कि मुन्ना यादव व नितिन को घेरकर पीटा जा रहा है। इसकी सूचना पर मोहम्मदपुर गांव से दर्जनों की संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर मौके पर पहुंच गए। इसके बाद बवाल शुरू हो गया। दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे पर पथराव किया गया। मौके पर तोडफ़ोड़ शुरू हो गई।
कालीचरण के घर पहुंचकर भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने उसके ट्रैक्टर में आग लगा दी और घर के बाहर खड़ी एक बाइक भी फूंक दी। उसकी कार में भी तोडफ़ोड़ कर दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन बवाल शांत करा पाने में नाकाम रही। इसके बाद कई थानों की फोर्स लेकर अफसर मौके पर पहुंचे। तब जाकर भीड़ को खदेड़ा गया। तब जाकर करीब दो घंटे बाद मौके पर स्थिति नियंत्रित की जा सकी। तनाव को देखते हुए मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई है। सुबह एक बार फिर मौके पर पहुंचकर अफसरों ने जांच पड़ताल की है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच पड़ताल में सामने आया है कि मुन्ना यादव और कालीचरण के बीच 2019 से जमीन को लेकर रंजिश चली आ रही है। रविवार रात घर लौटते वक्त मुन्ना व नितिन साथ थे। इसी दौरान कालीचरण के घर के पास से वह गाड़ी टर्न कर रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया। पहले मुन्ना से मारपीट हुई और बीच बचाव करने पर नितिन पर हमला किया गया जिसमें वह गंभीर रूप से चोटिल हो गया। यह खबर गांव में पहुंची तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद बवाल शुरू हो गया।
डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया, दोनों पक्षों में पूर्व से विवाद की बात सामने आई है। मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। मुन्ना यादव पक्ष से छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

