जांजगीर-चांपा, 06 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनाहिल में स्थित एक सीएससी सेंटर में डेटोनेटर फटने का मामला सामने आया है। इस घटना में दुकान के भीतर रखे कंप्यूटर, प्रिंटर, कुर्सी-टेबल सहित अन्य सामग्री को भारी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी भूपेंद्र कुमार साहू ग्राम बनाहिल में स्टेट बैंक के पास किराये के मकान में रहकर वेदांत सर्विस नाम से सीएससी सेंटर संचालित करता है। घटना रात करीब 11:45 बजे की है, जब उसे दुकान का शटर खुलने-बंद होने की आवाज सुनाई दी। बाहर आकर देखने पर दुकान में धुआं भरा हुआ था और एक जलती हुई रस्सी जैसी वस्तु दिखी। पास जाकर देखने पर वह डेटोनेटर निकला, जिसे बाहर फेंकते ही जोरदार विस्फोट हो गया।
विस्फोट की वजह से दुकान में रखे कंप्यूटर, सीपीयू, प्रिंटर, कुर्सी, रैक सहित अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं घटना में प्रार्थी के पैर में भी चोट आई है।
सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रूपेश कुमार वर्मा (41), रमन कुमार कैवत्र्य (32) और अनुज केंवट (45) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।
तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

