जांजगीर-चांपा, 06 अप्रैल (आरएनएस)। जिले की अकलतरा पुलिस ने किसानों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी किसानों से ट्रैक्टर किराए पर लेकर उन्हें फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेच देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के 4 ट्रैक्टर इंजन और 1 ट्रॉली बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अनुराग दास महंत (34 वर्ष), निवासी खैरा चौकी नैला (हाल मुकाम पावर हाउस, बिलासपुर) है। आरोपी भोले-भाले किसानों को किराए पर ट्रैक्टर देने का झांसा देता था और उनसे ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फर्जी शपथ पत्र के आधार पर अन्य लोगों को बेच देता था। वारदात के बाद वह मोबाइल बंद कर फरार हो जाता था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब परसाही नाला निवासी विनोद कुमार खुसरो ने थाना अकलतरा में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि आरोपी ट्रैक्टर काम के बहाने लेकर गया और वापस नहीं किया, बल्कि संपर्क करने पर टालमटोल करता रहा।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अकलतरा, पामगढ़ और नैला क्षेत्र में कई वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

