रांची 6 अप्रैल (आरएनएस)। रातू थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की की हत्या कर उसे गुपचुप तरीके से दाह संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में लड़की के साथ रह रहे व्यक्ति और उसके पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला रातू थाना कांड संख्या-111/26, दिनांक 03 अप्रैल 2026, धारा 140 (3) बीएनएस से संबंधित है। जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:30 बजे ग्राम झखराटांड़ में सुबोध पाठक के घर पर ग्रामीणों ने हंगामा किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनके घर में पिछले 8 वर्षों से रह रही नाबालिग लड़की अचानक लापता हो गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद रातू थाना में सनहा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने लड़की की तलाश के लिए बिहार के औरंगाबाद तक टीम भेजी और एफएसएल टीम से भी जांच करवाई, लेकिन शुरुआती जांच में कोई सुराग नहीं मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और टोल प्लाजा के फोटो के आधार पर पुलिस ने सुबोध पाठक और उसके पुत्र राहुल पाठक से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने नाबालिग लड़की की हत्या कर दी और उसके शव को एंबुलेंस संख्या झ-01-आ-1245 से गया ले जाकर दाह संस्कार कर दिया। एंबुलेंस चालक पिंटू कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि उसे यह कहकर ले जाया गया था कि सुबोध पाठक की 13 वर्षीय बेटी की मौत हो गई है और गया में अंतिम संस्कार करना है।
जांच में यह भी सामने आया कि मृतका का संपर्क इंस्टाग्राम के माध्यम से राहुल पाठक के साले से हुआ था, जिससे उनकी नजदीकियां बढ़ गई थीं। इसी सामाजिक दबाव और लोक-लाज के डर से आरोपियों ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में इस्तेमाल की गई एंबुलेंस और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। छापेमारी दल में थाना प्रभारी आदिकांत महतो सहित अन्य पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

