मीरजापुर 6 अप्रैल (आरएनएस)। लालगंज ब्लॉक परिसर में तैयार किए गए विंध्य मार्ट को अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है। सोमवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह ने ब्लॉक पहुंचकर नवनिर्मित विंध्य मार्ट दुकान और सभागार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने विंध्य मार्ट में रखे गए विभिन्न उत्पादों को एक-एक कर देखा। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की गुणवत्ता और प्रस्तुति पर संतोष जताया। साथ ही आगामी शुभारंभ को लेकर तैयारियों को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।बताया गया कि विंध्य मार्ट का जल्द ही जिलाधिकारी द्वारा विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इसे ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों के विपणन का प्रमुख केंद्र बनाया जा रहा है। जहां स्थानीय स्तर पर तैयार वस्तुओं को बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने एडीओ पंचायत अजय शंकर को परिसर की साफ-सफाई, सजावट और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्घाटन कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से दुरुस्त होनी चाहिए।इस दौरान आईएएस अंशुल हिंदल ने बताया कि विंध्य मार्ट के संचालन की पूरी तैयारी कर ली गई है। यहां स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सीधे बाजार से जोडऩे की व्यवस्था की गई है। जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।ब्लॉक प्रशासन का मानना है कि यह पहल महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी और स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

