गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 06 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में अंधविश्वास के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जादू-टोना के शक में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी पड़ोसी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पेंड्रा थाना क्षेत्र के खुरड़ी गांव निवासी कौशल्या का शव सोमवार सुबह उसके घर में मिला। महिला का सिर बुरी तरह कुचला गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच के दौरान सामने आया कि पड़ोसी धीरपाल (50) के बेटे की कुछ महीने पहले बीमारी से मौत हो गई थी। धीरपाल को शक था कि कौशल्या जादू-टोना करती है और उसी के कारण उसके बेटे की मौत हुई। इसी बात को लेकर वह महिला से रंजिश रखता था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के दिन सुबह महिला घर पर अकेली थी। इसी दौरान वह अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और कौशल्या के सिर पर पत्थर से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि अंधविश्वास के चलते की गई इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

