एयपोर्ट के पास माफिया की भूमि चिह्नित
प्रयागराज 6 अप्रैल (आरएनएस)। प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने नई टाउनशिप के लिए एयरपोर्ट के आसपास 209 हेक्टेयर में जो जमीन चिह्नित की है, उसके बड़े हिस्से पर अतीक अहमद और उसके साथियों का कब्जा था। ऐसी जमीनों का बैनामा अभी नहीं किया जा रहा है। टाउनशिप बसाने के लिए पीडीए को यह जमीन देने की तैयारी है। इससे पहले पीडीए ने हेतापट्टी के आसपास नई टाउनशिप बसाने की तैयारी की थी। इसके लिए मौके पर जमीन का सर्वे भी किया गया था पर स्थानीय किसानों ने विरोध कर जमीन देने से इनकार कर दिया था। वहीं, पीडीए ने दो दशक से कोई नई आवासीय योजना शुरू नहीं की है। उस पर नई योजना पर काम शुरू करने का दबाव है।
कुछ दिन पहले पीडीए बोर्ड की बैठक में एयरपोर्ट के पास नई टाउनशिप बसाने की योजना का प्रस्ताव पारित कर शासन को भेज दिया गया है। शासन से मंजूरी मिलते ही पीडीए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करेगा। यह टाउनशिप 209 हेक्टयेर में बसाए जाने की तैयारी है। इसके लिए जो गांव चिह्नित किए गए हैं, उनमें कसारी-मसारी, कटहुला गौसपुर, ऐनुद्दीनपुर व पीपल गांव में जमीन के बड़े हिस्से पर अतीक व उसके साथियों का कब्जा था।
निबंधन विभाग के सूत्रों का कहना है कि पुलिस जांच के आधार पर ऐसी जमीन चिह्नित होने के बाद फिलहाल उनकी खरीद-फरोख्त नहीं हो रही है। निबंधन विभाग ऐसी संपत्तियों की रजिस्ट्री भी नहीं कर रहा। एआईजी स्टाम्प राकेश चंद्रा का कहना है कि ऐसी जमीन की रजिस्ट्री में काफी सतर्कता व निगरानी बरतने की जरूरत है। जमीन के अटैचमेंट से संबंधित कोई ऑर्डर निबंधन विभाग को अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

