स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी करेगा ओडीके ऐप
प्रयागराज 6 अप्रैल (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश में आम आदमी तक स्वास्थ्य सेवाओं का नेटवर्क मजबूत करने के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर वरदान साबित हो रहे हैं । प्रदेश की योगी सरकार इन्हे नव स्वरूप देते हुए प्राथमिक सेवाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने का इसे बड़ा माध्यम बना रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष तौर पर इनकी उपयोगिता सामने आई है। प्रदेश सरकार का इसमें पारदर्शिता को बढ़ाने पर फोकस है जिसके अच्छे नतीजे मिले हैं।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की लाइफ लाइन बन रहे हैं। गांव की जनता को निकट ही मिल रही बीमारियों के ऑनलाइन परामर्श और जांच सेवाओं ने इसकी उपयोगिता का साबित किया है । उत्तर प्रदेश सरकार अब इन आरोग्य आयुष्मान मंदिरों की प्रतिदिन एकत्र हो रहे रियल टाइम डाटा को एकत्र कर स्वास्थ्य प्रणाली को डिजिटल और मजबूत बनाने के लिए ओडीके ऐप का प्रयोग करने जा रही है । प्रयागराज के अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ राकेश शर्मा का कहना है कि मंडल के सभी आरोग्य आयुष्मान मंदिरों को इससे जोड़ा जा रहा है। इससे हर मरीज की जांच का रियल-टाइम डेटा मिल सकेगा । इससे मरीज की मॉनिटरिंग होगी और राज्य स्तर पर मॉनिटरिंग की नीति बनाने में मदद मिलेगी।
बाक्स
टारगेटेड हेल्थ केयर प्लानिंग में मिलेगी मदद, जुड़ेंगे मंडल के 1114 आरोग्य आयुष्मान मंदिर==
प्रयागराज। यह पहल कई तरह से उपयोगी और गेम चेंजर साबित होने जा रही है। एनआरएचएम के मंडलीय परियोजना प्रबंधक डॉ हरित सक्सेना बताते हैं कि इससे सरकार को ग्राउंड रियलिटी का लाइव डाटा उपलब्ध हो सकेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट की समस्या का भी इस ऐप में निदान हो जाएगा। माध्यम डिजिटल होने से पारदर्शिता आएगी। किस क्षेत्र में कौन सी बीमारी अधिक है और दवाओं और स्टाफ की कितनी जरूरत है यह जानकारी भी त्वरित रूप में मिल सकेगी। प्रयागराज मंडल में ग्रामीण क्षेत्र में इस समय 1114 आरोग्य आयुष्मान मंदिर सक्रिय हैं जिन्हें इनसे ओडीके से जोडऩे की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसमें प्रयागराज जनपद के 521,प्रतापगढ़ के 228, फतेहपुर के 229 और कौशाम्बी जिले के 136 आरोग्य आयुष्मान मंदिर शामिल हैं।
इन केंद्रों में टेलीमेडिसिन की सेवा देने वाली ई संजीवनी का लाभ भी गांव की जनता को मिल रहा है। इसी फरवरी के महीने में प्रयागराज में 70,307, फतेहपुर में 15,000, प्रतापगढ़ में 17,660 और कौशाम्बी में 15,157 लोगों को ई संजीवनी सेवा का लाभ मिला है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

