चेन्नई ,06 अपै्रल (आरएनएस)। तमिल टीवी जगत से बेहद चौंकाने वाली खबर आ रही है। लोकप्रिय अभिनेत्री सुभाषिनी का निधन हो गया है। उन्हें टीवी शो कयाल में अहम किरदार के लिए जाना जाता था।
रिपोर्ट के मुताबिक, पारिवारिक विवाद के चलते 36 वर्षीय श्रीलंका मूल की अभिनेत्री ने चेन्नई के अय्यप्पनथंगल स्थित एक निजी अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बारे में पता लगते ही टीवी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
सुभाषिनी, चेन्नई के इयप्पनथंगल में एक अपार्टमेंट में रह रही थीं। यहीं पर उन्होंने कथित आत्महत्या की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 5 अप्रैल की रात अभिनेत्री की पति से वीडियो कॉल पर बहस हुई थी। घटना से दुखी होकर उन्होंने पति से आत्महत्या की इच्छा जताई और फिर अपनी जान ले ली। फिलहाल उनके पार्थिव शरीर को जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का अनुमान है कि सुभाषिनी ने मानसिक परेशानी की वजह से यह कदम उठाया।
सुभाषिनी ने साल 2012 में आई फिल्म इनी अवन से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। हालांकि, उन्हें टीवी शो कयाल से घर-घर में पहचान मिली थी। 2023 में उन्होंने एल्लम मेला इरुक्किरवन पाथुप्पन में एक अहम किरदार निभाया था। इसके अलावा, अभिनेत्री ने कई शॉर्ट फिल्म और सामाजिक जागरूकता वीडियो में भी काम किया था। सुभाषिनी 12 अप्रैल को अपना जन्मदिन मनाने वाली थीं, जबकि 21 अप्रैल को उनकी शादी की दूसरी सालगिरह थी।
००

