० 07 अप्रैल 2026 को जिले भर में आयोजित होंगे विशेष कार्यक्रम
कोंडागांव, 06 अप्रैल (आरएनएस)। शासन के निर्देशानुसार आगामी 07 अप्रैल 2026 को जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सहित अन्य योजनाओं के लंबित कार्यों का त्वरित निराकरण तथा हितग्राहियों को समयबद्ध लाभ सुनिश्चित करना है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा इस दौरान विभिन्न गतिविधियों के आयोजन हेतु सभी जनपद सीईओ को निर्देशित किया गया है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं अन्य आवास योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देते हुए 90 दिवस के भीतर पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही हितग्राहियों को स्वीकृत राशि की जानकारी उपलब्ध कराते हुए उनकी समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित किया जाएगा। आयोजन में स्व-सहायता समूह की दीदियों को सामग्री आपूर्ति एवं आजीविका गतिविधियों से जोडऩे हेतु प्रोत्साहित किया जाएगा। रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए हितग्राहियों को प्रेरित करने, लंबित जियो-टैगिंग कार्यों को पूर्ण करने तथा ग्राम स्तरीय शिकायतों के त्वरित निराकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम में महात्मा गांधी नरेगा योजना अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु मांग आधारित कार्य स्वीकृति दी जाएगी। इसके साथ ही मोर गांव-मोर पानी, मोर तरिया एवं नवा तरिया- आय का जरिया अभियान के तहत उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन कर आगामी दो माह में कार्य पूर्ण करने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। आजीविका संवर्धन के तहत नवीन गतिविधियों एवं योजनाओं को भी जोड़ा जाएगा। इसके अतिरिक्त नागरिक सूचना पटल पर स्व-सहायता समूह से संबंधित परिवार की महिला सदस्य का नाम अंकित किया जाएगा तथा क्यू आर कोड के माध्यम से मनरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी तथा अमृत सरोवरों के नागरिक सूचना पटल अथवा निकटतम उपयुक्त स्थलों पर क्यू आर कोड के माध्यम से जानकारी दी जाएगी। साथ ही युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के लिए भी विशेष पहल की जाएगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

