कोरबा, 06 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सरपंच की कथित पिटाई से एक अस्पताल कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजन और अस्पताल स्टाफ आक्रोशित हो गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया।
मृतक की पहचान बालकृष्ण चनईया के रूप में हुई है। उनकी बेटी लक्ष्मी ने आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान उनके पिता के साथ मारपीट की गई, जिससे उनकी हालत बिगड़ी और इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने बेन्द्रकोना निवासी आरोपी सरपंच जयवीर सिंह ठाकुर की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना के विरोध में जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के कर्मचारियों ने भी काम बंद कर दिया। पोस्टमार्टम कक्ष और अस्पताल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर कर्मचारियों ने पीएम करने से इनकार कर दिया, जिससे कई अन्य शवों का पोस्टमार्टम भी नहीं हो सका।
मामले में जिला मेडिकल कॉलेज के संयुक्त संचालक गोपाल कंवर ने बताया कि पुलिस को सूचना दे दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है। वहीं कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

