ऋषिकेश,06 अपै्रल (आरएनएस)। विकासखंड डोईवाला में प्राथमिक विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट का सामना कर रही है। जनपद और ब्लॉक स्तर पर शिक्षकों को लगातार गैर-शैक्षणिक ड्यूटी में लगाए जाने से 35 से 40 प्राथमिक विद्यालयों में नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई स्कूलों में शिक्षक न होने से कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं, जिससे बच्चों की शिक्षा पर सीधा असर पड़ रहा है। सोमवार को मामले को लेकर उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने खंड विकास अधिकारी परशुराम सकलानी के कार्यालय में पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। संघ ने कहा कि शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को प्रशासनिक कार्यों, सर्वे और विभिन्न योजनाओं की ड्यूटी में लगाए जाने से विद्यालयों का मूल उद्देश्य प्रभावित हो रहा है। इसका असर वार्षिक परीक्षा परिणाम, नए छात्रों के प्रवेश और मिड-डे मील योजना के संचालन पर भी पड़ रहा है।प्राथमिक शिक्षा संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सागर ने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में पहले से ही शिक्षकों की कमी है। ऐसे में उपलब्ध शिक्षकों को भी कक्षाओं से हटाकर गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाने से स्कूलों पर ताला लगने की नौबत आ रही है। उन्होंने प्रशासन से शिक्षकों को तुरंत गैर-शैक्षणिक ड्यूटी से मुक्त करने की मांग की। वहीं, खंड विकास अधिकारी परशुराम सकलानी ने कहा कि ज्ञापन प्राप्त हो गया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों से वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर संदीप सोलंकी, सिद्धार्थ वर्मा, विपिन चौहान, विनोद आदि उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

