उत्तरकाशी,06 अपै्रल (आरएनएस)। क्षेत्र में बीते दिनों हुई भारी ओलावृष्टि ने किसानों और बागवानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। इससे खेतों में खड़ी गेहूं, जौ, सरसों सहित सब्जियां बर्बाद हो गई है। वहीं सेब, नाशपाती और अन्य फलों के बागानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। कई किसानों का कहना है कि फसल पूरी तरह चौपट हो गई है जिससे उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इस संबंध में सोमवार को प्रधान संगठन ब्लॉक पुरोला ने उपजिलाधिकारी मुकेश रमोला को ज्ञापन सौंपकर स्थिति से अवगत कराया। संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि ओलावृष्टि का प्रभाव क्षेत्र के कई गांवों में देखा गया है, जहां फसलें जमीन पर बिछ गई हैं और बागानों में फल झड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि यह नुकसान किसानों की सालभर की मेहनत को खत्म करने वाला है। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराया जाए और नुकसान का सही आकलन कर किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही आपदा राहत मद से आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी मांग उठाई गई है। ज्ञापन देने वालों में प्रधान संगठन के अध्यक्ष त्रिलोक बिजल्वाण, सतपाल, अनूप रावत, महेंद्र, लोकेंद्र चौहान आदि लोग मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

