शहडोल, 06 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत शहडोल-रीवा मार्ग पर खड़े एक ट्रक के केबिन में वाहन मालिक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक यूपी 70 जीटी 1771 के अंदर वाहन मालिक इरफान खान का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। इरफान खान खुद ट्रक चालक भी था और वाहन का मालिक भी बताया जा रहा है। बताया गया है कि इरफान के पास दो ट्रक हैं और दोनों ट्रकों में प्रयागराज से ईंट लोड कर ब्यौहारी लाया गया था।
दूसरे ट्रक के चालक आनंद कुमार ने पुलिस को बताया कि वह दोनों ट्रक लेकर प्रयागराज से ब्यौहारी आए थे। एक ट्रक इरफान खुद चला रहा था, जबकि दूसरे ट्रक को आनंद चला रहा था। रविवार रात दोनों ट्रक ब्यौहारी में पानी टंकी के पास खड़े किए गए। इसके बाद दोनों ने साथ में खाना खाया। खाना खाने के बाद इरफान अपने ट्रक में सोने चला गया और आनंद अपने ट्रक में सो गया।
सोमवार सुबह जब आनंद इरफान को जगाने उसके ट्रक में पहुंचा तो उसने देखा कि इरफान ट्रक के अंदर फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। यह देख वह घबरा गया और तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। चालक आनंद बताया कि रात में खाना खाने के बाद इरफान अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहा था, लेकिन उसके बाद क्या हुआ? यह किसी को पता नहीं है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

