उमरिया, 06 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम क्षेत्र में एक बाघ का क्षत-विक्षत शव मिला है। जंगल में शव मिलने की सूचना के बाद वन विभाग और राज्य वन विकास निगम के अधिकारी सोमवार को मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
यह शव राज्य वन विकास निगम के परियोजना परिक्षेत्र उमरिया के चंदवार बीट के पी-111 राजस्व क्षेत्र में झाडिय़ों के बीच पाया गया। शव की खराब स्थिति के कारण बाघ की मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।
सूचना पर वन विभाग और वन विकास निगम की एक संयुक्त टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। डॉग स्क्वाड की सहायता से भी जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या शिकार से संबंधित सुराग मिल सकें।
उमरिया परियोजना मंडल के संभागीय प्रबंधक अमित पटौदी ने बताया कि टीम मौके पर मौजूद है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, बाघ की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। घटना के बाद वन क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

