रायपुर 7 अप्रैल (आरएनएस) सनातन धर्म के पुनरुद्धारकर्ता और अद्वैत दर्शन के प्रणेता आदिगुरु शंकराचार्य के प्राकट्य दिवस पर इस वर्ष भी राजधानी रायपुर का महादेव घाट आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित होगा। छत्तीसगढ़ सनातन दशनाम गोस्वामी समाज द्वारा 21 अप्रैल 2026, मंगलवार को इस पावन अवसर पर भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समाजजन शामिल होंगे।
कार्यक्रम महंत चिंतामणि गिरी जी के सानिध्य में संपन्न होगा। इस गरिमामयी आयोजन में समाज के संस्थापक द्वय श्री रमन गिरी एवं श्री ओंकार पुरी, भगवताचार्य श्री सुरेन्द्र गिरी जी महाराज तथा संरक्षक श्री उमेश भारती गोस्वामी और डॉ. अशोक गिरी विशेष रूप से उपस्थित रहकर मार्गदर्शन देंगे।
आयोजन की शुरुआत भगवा मय भव्य शोभायात्रा से होगी, जो श्रद्धा और उत्साह का अद्वितीय संगम प्रस्तुत करेगी। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आदिगुरु शंकराचार्य की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान ‘शिव महात्म्य’ पर आधारित भक्तिमय प्रवचन तथा शंकराचार्य के जीवन दर्शन, अद्वैत सिद्धांत और प्रेरक प्रसंगों पर विद्वानों द्वारा विशेष व्याख्यान दिए जाएंगे, जो नई पीढ़ी को सनातन मूल्यों से जोड़ने का कार्य करेंगे।
प्रदेशभर से आए श्रद्धेय पुजारियों का अभिनंदन भी इस अवसर पर किया जाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए अभिमंत्रित रुद्राक्ष वितरण विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
आध्यात्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक समरसता को भी मंच मिलेगा, जहां विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय एवं वैचारिक संवाद सत्र आयोजित होगा। समाज की प्रतिभाओं का सम्मान तथा बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम को विशेष आयाम देंगी।
समाज के प्रांताध्यक्ष काशीपुरी कुंदन, महासचिव उमेश गिरी, कोषाध्यक्ष प्रशांत गिरी सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने समस्त स्वजातीय बंधुओं एवं शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में महादेव घाट पहुंचकर इस दिव्य आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है। आयोजन की तैयारियां रायपुर जिला अध्यक्ष बद्री पुरी के नेतृत्व में अंतिम चरण में हैं।
मीडिया प्रभारी भारद्धाज गिरी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का भी सशक्त माध्यम बनेगा।

