महारानी अस्पताल की बिस्तर क्षमता 200 से बढ़ा कर 300 करने के दिए निर्देश।
केशव सल्होत्रा
जगदलपुर 1 जून 2026(आरएनएस) बुधवार को सूबे के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बस्तर प्रवास पर पहुंचे। हवाई पट्टी पर स्थानीय नेताओं ने उन का स्वागत किया। उसके बाद उन्होंने महारानी अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को अस्पताल की पहचान के अनुरूप मानवीय संवेदनाओं के साथ मरीजों को बेहतर उपचार एवं सेवा प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल की वर्तमान 200 बिस्तर क्षमता को बढ़ाकर 300 करने के निर्देश देते हुए नए सेटअप तथा अस्पताल भवन उन्नयन का प्रस्ताव विभाग को भेजने कहा।
मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में डायलिसिस सेंटर एवं कैंसर यूनिट के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अस्पताल परिसर की अंदरूनी सड़कों की मरम्मत भी शीघ्र करवाने कहा। उन्होंने अस्पताल के आपातकालीन चिकित्सा कक्ष, ओपीडी, ईसीजी यूनिट तथा ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। इस दौरान उपचार के लिए आए मरीजों तथा उनके परिजनों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मंत्री ने अटल आरोग्य लैब का भी निरीक्षण किया। यहां आवश्यक उपकरणों की शीघ्र स्थापना कर सभी 134 प्रकार की जांच सुविधाएं जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मंत्री ने डॉक्टर्स डे के अवसर पर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी डॉक्टर्स और स्वास्थ्य कर्मियों से समर्पण और सेवा भाव के साथ चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने का आह्वान किया। इस मौके पर विधायक किरण देव, महापौर संजय पाण्डे सहित जनप्रतिनिधि और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय बसाक,सिविल सर्जन डाॅ. संजय प्रसाद एवं अस्पताल के अन्य चिकित्सक एवं स्टाफ मौजूद थे।

