बंधुआ कला थाना क्षेत्र के धारूपुर गांव से जुड़ा मामला
बारिश के चलते आम के पेड़ के नीचे थे सभी लोग
कुड़वार सुल्तानपुर। बंधुआ कला थाना क्षेत्र के धारूपुर गांव में धान लगाने गए मजदूर बारिश शुरू होने के बाद पेड़ की छांव में चले गए तभी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर एक वृद्धा की मौत हो गई। जबकि 08 लोग घायल हो गए।घायलों को एम्बुलेंस की मदद से स्थानीय सीएचसी लाया गया।जहां से प्राथमिक उपचार के बाद 04 लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बुधवार को बंधुआ कला थाना क्षेत्र पूरे परशन धारूपुर गांव निवासी छत्रपाल पुत्र महराजदीन के खेत में धान की रोपाई का कार्य चल रहा था। दोपहर में अचानक बारिश शुरू हुई तो सभी लोग बगल आम के पेड़ के पास छांव में चले गए। तभी तेज आवाज के साथ गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में पेड़ के नीचे मौजूद 09 लोग आ गए।जिनमें पियारी (65) पत्नी पराग चौहान की मौके पर मौत हो गई। जबकि मौके पर मौजूद अन्य लोग जयसिंह (40) पुत्र पराग, चांदनी (08) पुत्री छत्रपाल, मुस्कान (06)पुत्री छत्रपाल, जाह्नवी (05)पुत्र छत्रपाल, छत्रपाल (35)पुत्र महराजदीन, आदित्य (14)पुत्र राजाराम, उदयराज (65)पुत्र भंगू, प्रानदेई (62)पत्नी उदयराज आदि लोग झुलस कर घायल हो गए। घायलों को गम्भीर हालत में स्थानीय सीएचसी लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने जयसिंह, छत्रपाल, उदयराज व प्रानदेई को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय सीएचसी पर चल रहा है। आकाशीय बिजली की सूचना पर तहसीलदार सदर देवानंद तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सूचना पर पहुंची बंधुआ कला पुलिस ने मृतक पियारी के शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। थानाध्यक्ष बंधुआ कला प्रमोद पटेल ने बताया कि शव को मर्चरी भेजकर विधिक कार्यवाही की जा रही है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी उत्तम तिवारी ने बताया कि सूचना पर मौके पर तहसीलदार सदर को भेजा गया था। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से जल्द सहायता दिलाई जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

