देवरिया, 01 जुलाई (आरएनएस) उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट सभागार में सोशल सेक्टर से जुड़े विभागों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सोशल सेक्टर की सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्राथमिकता के साथ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील स्तर पर सोशल सेक्टर के शिविर आयोजित किए जाएं तथा संचालित योजनाओं से पात्र लोगो को आच्छादित किया जाए।
जिलाधिकारी ने सोशल सेक्टर से जुड़े विभागों के लिए तहसीलवार नामित नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने तहसील क्षेत्र में पेंशन संबंधी योजनाओं के लाभार्थियों का सत्यापन भी सुनिश्चित करें।
उन्होंने प्रभारी अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को जनपद में सप्ताह में तीन दिन निर्धारित कर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। साथ ही अभ्युदय कोचिंग सेंटर को राजकीय इंटर कॉलेज में स्थापित किए जाने तथा इसे कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं आश्रम पद्धति विद्यालयों से यूट्यूब के माध्यम से जोडऩे के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्युदय कोचिंग सेंटर को और प्रभावी बनाएं। अधिक से अधिक प्रतियोगी छात्रों को इससे जोड़े, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षा में सफल सके।
जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी एवं आश्रम पद्धति विद्यालय के प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि आश्रम पद्धति विद्यालय में प्रत्येक दशा में 150 छात्रों का प्रवेश सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सोशल सेक्टर से संबंधित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही पेंशन, छात्रवृत्ति, शादी अनुदान, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित अन्य संचालित योजनाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, प्रभारी अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सहित सोशल सेक्टर से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
*छात्रों की शून्य उपस्थिति पर डीएम सख्त, प्रधानाचार्य का एक दिन का वेतन बाधित
बैठक में आश्रम पद्धति विद्यालय की समीक्षा के दौरान छात्रों की उपस्थिति शून्य पाए जाने तथा प्रधानाचार्य का पर्यवेक्षण शिथिल मिलने पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को प्रधानाचार्य का एक दिन का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय ने प्रधानाचार्य का एक दिन का वेतन बाधित करने का आदेश जारी कर दिया। साथ ही आश्रम पद्धति विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित करें, छात्रों को समुचित शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराएं तथा विद्यालय की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित बनाए रखें।

