सुल्तानपुर 1 जुलाई (आरएनएस)। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के असरवन गांव में पारिवारिक विवाद का एक मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति द्वारा अपनी भाभी की सड़क पर चप्पलों से पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की।
जानकारी के मुताबिक, घटना 28 जून की शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है। पीडि़ता शहनाज पत्नी शरीफ अपने घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान उनके जेठ रहीश अपने बेटों गुलफाम, रहमान, सलमान और इरफान के साथ वहां पहुंचे और कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि जब सभी लोग शहनाज के साथ मारपीट करने लगे तो उन्होंने खुद को बचाने के लिए घर का दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने दरवाजा तोड़कर उनके साथ मारपीट की। बाहर निकलने पर महिला को सड़क पर चप्पलों से भी पीटा गया। बुधवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। लंभुआ क्षेत्राधिकारी ऋतिक कपूर ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच की जा रही है। पीडि़ता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा रही कि वीडियो वायरल होने से पहले मामले में पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई थी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

