अमृतसर 07 April, (Rns) : कांग्रेस से निष्कासन के बाद नवजोत कौर सिद्धू ने अपनी नई राजनीतिक पार्टी लॉन्च कर दी है। उन्होंने पार्टी का नाम ‘भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी’ रखा है। यह घोषणा पंजाब विधानसभा चुनाव से लगभग एक साल पहले की गई है, जिससे राज्य की राजनीति में हलचल तेज होने की संभावना है।
नवजोत कौर सिद्धू, जो पूर्व क्रिकेटर और नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी हैं, ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने देशभर में एक नए राजनीतिक विकल्प की जरूरत को महसूस करते हुए यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य देश और लोगों की सेवा करना तथा उन्हें उनका अधिकार दिलाना है। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “एक ईश्वरीय शक्ति ने समान सोच वाले लोगों को साथ जोड़ा है, जिनमें हर राज्य में काम करने की क्षमता, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प है। हमारा लक्ष्य न्याय और शांति स्थापित करना है।”
नवजोत कौर ने संकेत दिए हैं कि पार्टी जल्द ही संगठन विस्तार को लेकर भी घोषणा करेगी। BRP की एंट्री से पंजाब में चुनावी माहौल और गरम होने की उम्मीद है। वर्तमान में राज्य में भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार है, जबकि कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल की भूमिका में है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी भी राज्य में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी पंजाब को फिर से “स्वर्ण राज्य” बनाने के लिए काम करेगी, जहां लोग प्रेम, आपसी सहयोग, न्याय और स्वतंत्रता के साथ जीवन जी सकें। गौरतलब है कि पिछले साल नवजोत कौर सिद्धू ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री पद के लिए 500 करोड़ रुपये की मांग की जाती है। इसके बाद कांग्रेस ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया। 31 जनवरी को उन्होंने औपचारिक रूप से कांग्रेस छोड़ने की घोषणा की थी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजा अमरिंदर सिंह वडिंग पर भी कई आरोप लगाए थे। बाद में भूपेश बघेल, जो कांग्रेस के पंजाब मामलों के प्रभारी महासचिव हैं, ने 6 फरवरी को उनके निष्कासन की पुष्टि की।

