रायपुर, 07 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड के हिंदी का पेपर लीक होने के बाद माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) अलर्ट हो गया है और बड़ा कदम उठाया है। माशिमं 10 अप्रैल को हिंदी की दोबारा परीक्षा आयोजित कर रही है, जिसको लेकर नियम में बड़ा बदलाव किया गया है। गोपनीयता और सुरक्षा के मद्देनजर मंडल ने परीक्षा व्यवस्था में कई बदलाव किए हैं।
बोर्ड परीक्षा को लेकर इस बार माशिमं काफी सावधानी बरत रहा है। किसी भी तरह की गड़बडिय़ों को रोकने के लिए परीक्षा सामग्री वितरण व्यवस्था में कई बदलाव किए गए हैं। अब प्रत्येक जिले के नोडल अधिकारी कंटेनर लेकर माशिमं दफ्तर आएंगे और यहां से प्रत्येक समन्वय केंद्र तक जीपीएस लॉक वाले कंटेनर में सामग्री भेजी जाएगी।
वन-टाइम लॉक सिस्टम रहेगा लागू
वन-टाइम लॉक सिस्टम लागू रहेगा और थाने में ही यूनिक नंबर मिलान व लॉक खोलने की प्रक्रिया होगी, जिसमें पुलिस और राजस्व अधिकारी मौजूद रहेंगे। समन्वय केंद्र पहुंचने पर केंद्र प्रभारी पुष्टि करेंगे और वीडियो कॉल कर पार्टी ऑफिसर, नोडल अधिकारी एवं समन्वय केंद्र प्रभारियों की उपस्थिति में जीपीएस लॉक खोला जाएगा। समन्वय केंद्र में वन टाइम लॉक से स्ट्रॉन्ग रूम को सील किया जाएगा। सील करते समय भी वीडियोग्राफी कराई जाएगी। यह वीडियोग्राफी पार्टी ऑफिसर को सौंपी जाएगी। केंद्र अध्यक्ष के गोपनीय सामग्री की पेटी समन्वय केंद्र से बाहर ले जाते समय जिला शिक्षा अधिकारी वन टाइम लॉक लगे होने की जांच करेंगे। परीक्षा के उपरांत समस्त उपयोग किए गए वन टाइम लॉक को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा करना होगा।
एसएस
0

