रायगढ़, 7 अप्रैल ( आरएनएस ) नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए रायगढ़ पुलिस ने ऐसा वार किया कि गांजा और शराब की सप्लाई चेन ही हिल गई, “ऑपरेशन आघात” के तहत एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाइयों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लाखों का नशे का सामान जब्त किया गया और उड़ीसा से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ, पूरी कार्रवाई इतनी सटीक और तेज रही कि तस्करों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। जिले के एसएसपी शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देश पर 6 अप्रैल को लैलूंगा और कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर दबिश दी, पहले लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम सिहारधार में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मेन रोड किनारे घेराबंदी की, जहां तीन संदिग्ध युवक बैग और थैले के साथ खड़े मिले, पूछताछ में उनकी पहचान दिलेश्वर यादव पिता लच्छी राम यादव उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम सिहारधार थाना लैलूंगा जिला रायगढ़, पिंटू यादव पिता गोमदो यादव उम्र 18 वर्ष निवासी ग्राम सिहारधार थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ और गोमदो यादव पिता स्व. शोभाराम यादव उम्र 54 वर्ष निवासी ग्राम सिहारधार थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ के रूप में हुई, तलाशी में जो सामने आया उसने पुलिस को भी चौंका दिया—कुल 9.170 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 4.35 लाख रुपये आंकी गई, साथ ही दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए, पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर यहां खपाने की तैयारी में थे, पुलिस ने तत्काल एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। इसी बीच शहर में भी नशे का जाल फैलाने की कोशिश नाकाम कर दी गई, कोतवाली थाना पुलिस टाउन पेट्रोलिंग पर थी तभी केवड़ाबाड़ी पेट्रोल पंप के पास मुखबिर से सूचना मिली, पुलिस ने घेराबंदी कर एक एक्टिवा (CG 13 BC 1558) को रोका, वाहन में सवार अमित यादव पिता स्व. रामूलाल यादव उम्र 36 वर्ष निवासी गौशालापारा रायगढ़ और गणेश राम यादव पिता स्व. भुजबल यादव उम्र 59 वर्ष निवासी बैकुण्ठपुर रायगढ़ को पकड़कर तलाशी ली गई तो बोरी में छिपाकर रखे 52 पौव्वा देशी शराब बरामद हुए, जिसमें रोमियो मसाला और शेरा प्लेन शामिल थे, कुल 9.360 बल्क लीटर शराब के साथ 70 हजार रुपये की एक्टिवा भी जब्त की गई, दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें भी न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई ने साफ कर दिया कि रायगढ़ पुलिस अब नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस मोड में है, एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दो टूक चेतावनी दी है कि अवैध शराब और गांजा का धंधा करने वाले तुरंत बाज आ जाएं, वरना कानून का शिकंजा उन्हें कहीं भी, कभी भी पकड़ लेगा—क्योंकि अब “ऑपरेशन आघात” सिर्फ अभियान नहीं, बल्कि नशे के कारोबारियों के लिए सीधा खतरे की घंटी बन चुका है।


