कोण्डागांव, 12 जुलाई (आरएनएस)। जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर घोड़ा गांव के पास हुआ, जहां जगदलपुर से रायपुर जा रही कांकेर रोडवेज की यात्री बस ने कोंडागांव से गीदम की ओर जा रही कार को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दुर्घटना के बाद अनियंत्रित बस सड़क किनारे जंगल की ओर जा घुसी। बस में सवार यात्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस व कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। लोगों ने आरोप लगाया कि जिले में यात्री बसों की तेज रफ्तार लगातार सड़क हादसों का कारण बन रही है। उन्होंने परिवहन विभाग और प्रशासन से बसों की गति पर प्रभावी नियंत्रण, नियमित जांच अभियान चलाने तथा लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

