नईदिल्ली ,07 अपै्रल (आरएनएस)। आंध्र प्रदेश की राजधानी के रूप में अमरावती को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी मिल गई है। उनके हस्ताक्षर के बाद सोमवार को केंद्रीय विधि मंत्रालय द्वारा अधिसूचना जारी की गई। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अधिसूचना को एक्स पर साझा कर लिखा, आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती है। पिछले दिनों संसद के बजट सत्र के दौरान आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम संशोधन विधेयक 2026 को दोनों सदनों में बहुमत से पारित किया गया था।
वर्ष 2014 में आंध्र प्रदेश से तेलंगाना राज्य निकला। तब हैदराबाद तेलंगाना की राजधानी बनी, लेकिन आंध्र के पास स्थायी राजधानी न होने से 10 साल तक हैदराबाद दोनों की संयुक्त राजधानी रही। नायडू अमरावती को राजधानी बनाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन वर्ष 2019 में जगन मोहन रेड्डी की सरकार आने के बाद अमरावती में विकास रुक गया। उन्होंने 3 राजधानी मॉडल दिया, जिसमें विशाखापट्टनम को कार्यकारी राजधानी, अमरावती को विधायी राजधानी और कुर्नूल को न्यायिक राजधानी बनाया।
वर्ष 2024 में नायडू सरकार आने पर उन्होंने 3 राजधानी मॉडल को रद्द कर अमरावती को एक स्थायी राजधानी बनाने पर जोर दिया, जिसमें सफलता मिली है। अमरावती नियोजित ग्रीनफील्ड राजधानी परियोजना है। इसके लिए किसानों ने स्वेच्छा से 34,000 एकड़ से ज्यादा भूमि दी है और लगभग 54,000 एकड़ भूमि परियोजना के लिए ली गई है। अमरावती आधुनिक ब्लू-ग्रीन सिटी बनेगा। अभी लगभग 56,000 करोड़ रुपये से सड़क और भवनों समेत 91 परियोजनाएं चल रही हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

