बिलासपुर, 07 अप्रैल (आरएनएस)। न्यायधानी की पॉश कॉलोनी रामावैली में एक वकील द्वारा सरेआम हथियार लहराकर दहशत फैलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।मिली जानकारी के अनुसार, रामावैली निवासी वकील अंशुमन श्रीवास्तव अपने घर के बाहर शराब के नशे में पिस्टल, तलवार और फरसा नुमा हथियार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा था। इस दौरान कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।वीडियो वायरल होने के बाद सीएसपी निमितेश सिंह परिहार के निर्देशन में एसीसीयू टीम और चकरभाठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही कॉलोनी में हड़कंप मच गया। टीम ने आरोपी के घर की घेराबंदी कर उसे हथियारों के साथ पकड़ लिया।तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32.5 इंच की तलवार, एक पिस्टल और फरसा नुमा कुल्हाड़ी जब्त की है। बताया जा रहा है कि दहशत के कारण कॉलोनी के लोग सामने आकर गवाही देने से बचते रहे, हालांकि पुलिस ने वायरल वीडियो और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

