जौनपुर 7 अप्रैल (आरएनएस)। शाहगंज कोतवाली पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय जहरखुरान गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए अभियुक्त के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके तीन अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस के अनुसार शाहगंज थाना प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चिरैया मोड़ के पास कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पंकज निषाद घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे तुरंत उपचार हेतु सीएचसी शाहगंज भेजा गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त पंकज निषाद पुत्र महेंद्र निषाद, निवासी आजमगढ़, लंबे समय से मासूम यात्रियों को निशाना बना रहा था और उनके खून-पसीने की कमाई लूट रहा था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि बरामद 9 हजार रुपये उसने 18 मार्च को एक बुजुर्ग महिला को नशीला पदार्थ देकर लूटे थे। यह गिरोह वाहन सुविधा देने के नाम पर यात्रियों को अपनी कार में बैठाता था और फिर नशीला पदार्थ सुंघाकर या खिलाकर उन्हें बेहोश कर लूटपाट करता था। पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक अवैध 315 बोर तमंचा, जिंदा कारतूस और 9000 रुपये नकद बरामद किए हैं। पंकज निषाद पर आजमगढ़, अंबेडकरनगर और जौनपुर में हत्या, हत्या का प्रयास, जहरखुरानी और छक्च्ै एक्ट जैसे 13 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

