जौनपुर 7 अप्रैल (आरएनएस)। सुरेरी थाना क्षेत्र के नूरपुर बाजार में बिजली विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर लगाए जाने के दौरान विवाद खड़ा हो गया। बिना पूर्व सूचना पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए जाने की कार्रवाई से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी फैल गई, जिससे कुछ समय के लिए बाजार में हंगामे की स्थिति बन गई। विभागीय टीम ने कई घरों और दुकानों के मीटर बदलने शुरू कर दिए। इसी दौरान हकीम चंद्र के घर पर बिना सहमति मीटर बदले जाने पर परिजनों ने विरोध जताया, जिसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों का आरोप है कि न तो पहले कोई सूचना दी गई और न ही सहमति ली गई। गरीब और कम खपत वाले परिवारों, यहां तक कि एक-दो बल्ब जलाने वालों के घरों में भी जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने से नाराजगी बढ़ गई।हंगामे के दौरान व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने विभागीय कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की। इस संबंध में एसडीओ रामपुर मुरलीधर मौर्या ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के पास मीटर नहीं है, उनके यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जबकि पुराने या खराब मीटरों को बदला जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जो उपभोक्ता स्मार्ट मीटर नहीं लगवा रहे हैं, वहां टीम आगे बढ़ जा रही है ।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

