जौनपुर 7 अप्रैल (आरएनएस)। बीआरपी इंटर कॉलेज में नए शैक्षिक सत्र का शुभारंभ उत्साह के साथ किया गया। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए।विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने इस अवसर पर कहा कि विद्यालय निरंतर शैक्षिक गुणवत्ता, अनुशासन और आधुनिक संसाधनों के विकास की दिशा में अग्रसर है। बीते वर्ष अंग्रेजी माध्यम की कक्षाओं की शुरुआत की गई थी, जिसे इस सत्र में और विस्तार देते हुए कक्षा 6, 7, 8, 9 एवं 11 (कॉमर्स व साइंस) में भी लागू किया जा रहा है। इन कक्षाओं का संचालन अनुभवी एवं योग्य शिक्षकों द्वारा किया जाएगा। बताया कि अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए कॉन्वेंट शैली में एक अलग ब्लॉक विकसित किया जा रहा है, जहां अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ उच्च स्तरीय शिक्षा न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर की प्रयोगशालाएं (जीवविज्ञान, भौतिक विज्ञान एवं रसायन विज्ञान) नियमित रूप से संचालित हो रही हैं, जिससे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण प्रायोगिक शिक्षा मिल रही है। बताया कि विद्यालय में स्मार्ट क्लासेस के माध्यम से डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है, वहीं कंप्यूटर शिक्षा की भी सुदृढ़ व्यवस्था की गई है। छात्रों के व्यक्तित्व विकास के लिए मोटिवेशनल कक्षाओं का संचालन भी किया जा रहा है। भाषा दक्षता को सुदृढ़ करने के लिए कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए प्रति सप्ताह हिंदी एवं अंग्रेजी की विशेष कक्षाएं अनिवार्य की गई हैं, जिनमें उच्चारण, भाषा ज्ञान एवं त्रुटि सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाता है।उन्होंने बताया कि विद्यालय में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए छात्रों की दैनिक उपस्थिति की सूचना ऑनलाइन माध्यम से अभिभावकों तक पहुंचाई जाती है। इसके अलावा, छात्र-छात्राएं विज्ञान मॉडल, खेलकूद, वाद-विवाद, निबंध, पोस्टर आदि प्रतियोगिताओं में जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

