लखनऊ, 7 अप्रैल (आरएनएस ) ।उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने भाजपा स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को कार्यक्रम से दूर रखा जाना भाजपा के भीतर बढ़ते असंतोष का संकेत है।प्रेस वार्ता में अजय राय के साथ विधि विभाग अध्यक्ष आसिफ रिजवी रिंकू, प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी और उमाशंकर पाण्डेय भी मौजूद रहे। अजय राय ने कहा कि भाजपा स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष, उपमुख्यमंत्री और अन्य मंत्री उपस्थित रहे, लेकिन मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए, जबकि वे प्रदेश में ही मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में अनुपस्थित नेताओं को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जोड़ा गया, लेकिन मुख्यमंत्री को इस प्रक्रिया से भी दूर रखा गया, जिससे भाजपा के अंदर आंतरिक मतभेद स्पष्ट दिखाई देते हैं।अजय राय ने कहा कि लगभग दस वर्षों से भाजपा सरकार अपनी जवाबदेही से बचने के लिए कांग्रेस पर झूठे आरोप लगाती रही है, जबकि जनता ने वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन को समर्थन देकर भाजपा को जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है और किसानों, नौजवानों, महिलाओं तथा व्यापारियों से किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं।
उन्होंने वर्ष 2022 के चुनावों में किए गए वादों का उल्लेख करते हुए कहा कि 70 लाख नौकरियों, किसानों की आय दोगुनी करने और बेहतर कानून व्यवस्था के दावे धरातल पर नजर नहीं आते। प्रयागराज और लखनऊ में युवाओं पर लाठीचार्ज, 69 हजार शिक्षक भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों की परेशानियां तथा न्याय के लिए कोर्ट के चक्कर लगाने जैसी घटनाएं सरकार की विफलता को दर्शाती हैं।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं, बुलडोजर कार्रवाई और कानून-व्यवस्था के नाम पर हो रही कार्रवाइयों को लेकर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने वाराणसी में गौवंश की दयनीय स्थिति का वीडियो दिखाते हुए कहा कि गोवंश को कुत्तों द्वारा नोचे जाने की घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं और इससे प्रदेश में गौवंश संरक्षण की स्थिति पर सवाल खड़े होते हैं।अजय राय ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात किया है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा देश के निर्माण और विकास के लिए कार्य किया है तथा जनता का विश्वास जीतने का प्रयास किया है।इस अवसर पर उन्होंने जानकारी दी कि समाज सुधारक ज्योतिबा फुले की जयंती पर कांग्रेस पार्टी द्वारा अधिवक्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में राज्यसभा सदस्य अभिसेख मनु सिंघवीद्ब और वरिष्ठ अधिवक्ता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्सीद के शामिल होने की संभावना है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

